Tuesday, October 20th, 2026

जल्‍द BJP में शामिल होंगी 4 बार की TMC विधायक सोनाली गुहा

कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Elections 2021) के पहले चरण की वोटिंग 27 मार्च को होने जा रही है। तृणमूल कांग्रेस ने 291 सीटों पर अपने उम्‍मीदवार घोषित कर दिए हैं। प्रत्‍याशियों की लिस्‍ट सामने आने के बाद पार्टी में असंतोष फैल गया है। कई विधायकों ने टिकट कटने पर मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी से गहरी नाराजगी जताई है। विधायक सोनाली गुहा को जब यह पता चला कि उनका नाम लिस्‍ट से कट गया है तो वह रोने लगी थीं। अब सोनाली ने बागी तेवर दिखाए हैं। शनिवार को उन्‍होंने ऐलान किया कि वह जल्‍द बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं।

सतगछिया विधानसभा सीट से 4 बार से जीतती आ रहीं सोनाली गुहा ने कहा- 'अगर ममता दीदी मुझे छोड़ सकती हैं तो मैं क्यों नहीं? मैंने बीजेपी नेता मुकुल रॉय को फोन कर कहा है कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी, लेकिन पार्टी में एक सम्मानजनक पद चाहती हूं। वह मेरी इस मांग से सहमत हैं। मैं बीजेपी में जरूर शामिल होऊंगी।'

'अपने भविष्‍य के बारे में सोचना है, बेकार नहीं बैठूंगी'
टिकट न मिलने से आहत गुहा ने कहा, ‘ईश्वर ममता-दीदी को अच्छी समझ और सम्मति दें, मैं शुरू से उनके साथ हूं। मुझे अपने भविष्य के बारे सोचना है। मैं एक राजनीतिक व्यक्ति होने के नाते बेकार नहीं बैठ सकती हूं।’ इस बीच, बीजेपी नेता मुकुल रॉय ने कहा है कि सोनाली गुहा के अलावा तृणमूल कांग्रेस के कई अन्य विधायकों और नेताओं ने शुक्रवार की शाम से उनसे संपर्क साधा है।

 

#विधायक सोनाली गुहा

Source : Agency

पाठको की राय